अक्ल दाढ़ का दर्द, अपनाए यह टिप्स!

अकसर आपने लोगों से सुना होगा मजाक मजाक में कि तुम्हारी अक्ल तब तक नहीं आएगी जब तक अक्ल दांत ना आ जाए। अक्ल दांत को अंग्रेजी में विस्डम टुथ (Wisdom Tooth) कहते हैं। अक्ल दांत जब आता है बहुत दर्द होता है। अगर आपकी अक्ल दाढ़ अब तक आ चुकी है तो आपको इसके दर्द का अंदाजा जरूर होगा और अगर आपकी अक्ल दाढ़ अभी तक नहीं आई है तो आपको बता दें कि यह काफी दर्दभरा अनुभव होता है। ऐसे में लोग खाना पीना सब भूल जाते हैं।

यूं तो अक्ल दाढ़ (विस्डम टुथ) आने की उम्र 17 से 25 साल के बीच में होती है लेकिन कई लोगों में यह 25 साल के बाद भी आती है। आपको बता दें कि अक्ल दांत हमारे मुंह के सबसे आखिरी, मजबूत दांत होते हैं और सबसे अंत में ही आते हैं।

अक्ल दांत आने से पहले क्यों होता है दर्द?

क्या आप जानते हैं कि अक्ल दांत (विस्डम टुथ) आने के पहले दर्द क्यों होता है? दरअसल, विस्डम टुथ सबसे अंत में जो आते हैं और जिसके चलते उन्हें मुंह में पूरी जगह नहीं मिल पाती है। ऐसे में जब यह दांत आते हैं तो बाकी के दांतों को भी पुश करते हैं। यही नहीं, इसके कारण मसूड़ों पर भी दवाब बनता है जिस वजह से दांतों में दर्द, मसूड़ों में सूजन और असहजता की शिकायत हो जाती है।

अक्ल दांत संक्रमण के लक्षण

1. अक्ल दाढ़ के पास लाल, सूखा गम देखने को मिलता है।
2. अक्ल दांत में देखा गया है कि मसूड़ों सूजन की समस्या आ जाती है। यह सूजन धीरे-धीरे बढ़ता ही जाता है। चेहरे या गले के आस-पास सूजन आना भी एक अक्ल दाढ़ का लक्षण है।
3. अक्ल दाढ़ में दांत दर्द या जबड़े में दर्द एक आम बात है। दर्द इतना अधिक होता है कि पीड़ित को बुखार भी हो सकता है।
4. खाना खाते समय उसे चबाने में दिक्कत आना। 5. दांत में ब्रश चलाते हुए या उसे साफ करते हुए समस्या होना।
6. यदि मसूड़े से मवाद निकले तो समझ लीजिए कि आपको अक्ल दाढ़ की समस्या हो सकती है।
7. इसमें जबड़े के नीचे लसीका ग्रंथियां सूज जाती है तथा पीड़ादायक हो जाती है।
8. एक अन्य लक्षण में मुंह खोलने और बंद करने में परेशानी होती है।

क्या होता है अक्ल दांत आने पर?

अक्ल दांत आने पर ना सिर्फ आपको तेज दर्द होगा बल्कि कई लोगों के मुंह से दुर्गंध भी आता है। ऐसे में खाने पीने में तकलीफ और सिर दर्द की शिकायत भी आम होती है। बता दें कि अक्ल दांत का दर्द कभी भी हो सकता है और यह कम से कम एक या दो दिन तक तो रहता ही है।

आइए बताते हैं कुछ आसान घरेलू उपाय जिनकी मदद से आप अक्ल दांत आने पर राहत पा सकते हैं :

अक्ल दाढ़ के दर्द के घरेलू उपाय

#1 लौंग

घर में लौंग तो होगा ही। यूं तो दांत के दर्द के लिए हममें से ज्यादातर लोग लौंग का इस्तेमाल करते हैं। अक्ल दांत निकलने के दौरान भी लौंग का इस्तेमाल जरूर करें। इसका अनेस्थेटिक और एनाल्जेसिक गुण आपके दर्द को शांत करने में मदद करेगा। इसके अलावा इसका एंटी-सेप्टिक और एंटी-बैक्टीरियल गुण भी इंफेक्शन नहीं होने देता है। आप चाहें तो कुछ लौंग मुंह में रख सकते हैं या फिर उसके तेल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

#2 नमक

बहुत कम लोग यह जानते हैं कि दांत दर्द में नमक का इस्तेमाल करना भी बहुत फायदेमंद होता है। यह मसूड़ों की जलन को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा नमक के इस्तेमाल से इंफेक्शन का खतरा भी कम हो जाता है।

#3 लहसुन

लहसुन में एंटीऑक्सिडेंट, एंटीबायोटिक, एंटी-इंफ्लेमेटरी और दूसरे कई औषधीय गुण पाए जाते हैं जो आपको अक्ल दांत के दर्द को कम करने में मदद करते हैं। यह मुंह के बैक्टीरिया को भी पनपने नहीं देता है।

#4 प्याज

सब्जियों में काम आने वाली प्याज में एंटी-सेप्ट‍िक, एंटी-बैक्टीरियल और दूसरे कई गुण पाए जाते हैं, जिनकी वजह से दांतों में दर्द होने पर इससे आराम मिलता है। यह मसूड़ों को भी इंफेक्शन से सुरक्षित रखने में मददगार है।

#5 अमरूद की पत्त‍ियां

अमरूद खाने में तो अच्छे लगते ही हैं वहीं उनकी पत्तियां दांत दर्द में दवा की तरह काम करती हैं। अमरूद की पत्त‍ियों में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीमिक्रोबिअल गुण भी पाया जाता है जो दांत दर्द में फायदेमंद है।

क्या करें और क्या न करें

अक्ल दांत निकलने के दौरान आप डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं। दांत के डॉक्टर सही सलाह देंगे कि अक्ल के दाढ़ निकालना चाहिए या नहीं. ऐसी अवस्था में सख्त खाद्य पदार्थ की जगह मुलायम खाद्य पदार्थ का सेवन करना चाहिए। खासकर मसालेदार और गर्म भोजन से दूरी बनाकर रखना चाहिए। अक्ल के दाढ़ की सर्जरी कराई है तो उस दौरान कोशिश कीजिए कि आप किसी भी तरह का भारी व्यायाम न करें। इसके लिए आप कुछ दिनों तक इंतजार कर सकते हैं।